गाजीपुर में मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक रोजेदार ने रोजा तोड़कर अपना खून देकर एक मासूम की जान बचा ली। उन्होंने बताया कि वह अल्लाह पाक से दुआ कर रहा है कि लाडो बिटिया जल्द से जल्द स्वस्थ हो। रोजेदार के इस काम की लोगों ने खूब सराहना की।
अतीक अहमद राईनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर शिवांश त्रिपाठी के माध्यम से जानकारी मिली की एक चार वर्षीय बिटिया लाडो पुत्री संतोष गुप्ता निवासी गहमर सदर अस्पताल में भर्ती है। इलाज के दौरान तत्काल खून की आवश्यकता है। कोविड संक्रमण के चलते कोई आगे नहीं आ रहा है। बताया कि तत्काल शिवांश से फोन पर बातकर वह शनिवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुंचा। यहां डॉक्टर ने बताया कि रोजा रहने के कारण आप खून नहीं दे सकते हैं। ऐसे में अतीक अहमद राईनी ने मासूम की जान बचाने के लिए रोजा तोड़ दिया और एक यूनिट खून देकर मासूम की जान बचाई। इस दौरान रजनीश मिश्रा, शेर अली राईनी, अभिषेक यादव मौजूद थे।