भांवरकोल। थाना क्षेत्र के पिड़रोई गांव में घर के सामने बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे मिट्टी गिराने से मना करने पर भूतपूर्व सैनिक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली बाएं जंघे में लगी। आनन-फानन में परिजन उपचार के लिए मुहम्मदाबाद लाए, जहां डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक पारस मिश्रा (62) मकान के दरवाजे पर नहा रहे थे। इसी बीच गांव के कुछ लोग पहुंचे और नाली का पानी रोकने के लिए मिट्टी गिराने लगे। जब उन्होंने आपत्ति जताई तो मिट्टी गिरा रहे आक्रोशित एक व्यक्ति ने लक्ष्य करके गोली चला दी। गोली पारस मिश्रा के बाएं जांघ में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गिर गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। घायल को परिजन उपचार के लिए मुहम्मदाबाद सीएचसी लेकर आए, जहां डाक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध सीओ विनय गौतम ने बताया कि मुकदमा दर्जकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।