गाजीपुर। वर्ष 2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद अब 16 मार्च से मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा। इसके लिए जिले में कुल पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इन कॉपियों को जांचने के लिए डिप्टी हेड एवं परीक्षक लगाए गए हैं। मूल्यांकन कार्य सीसी कैमरों की निगरानी में होगा। इसकी तैयारी लगभग पूरा कर ली गई है।
जिले में बनाए गए पांच मूल्यांकन केंद्रों में राजकीय सिटी इंटर कॉलेज गाज़ीपुर, शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज इन दोनों केंद्रों पर हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके साथ ही अष्ट शहीद इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद एवं शिवपूजन इंटर कॉलेज मलसा केंद्रों पर इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन होगा। इसके अलावा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गाजीपुर केंद्र पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट दोनों कक्षा की परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन होगा। राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार यादव ने बताया कि उनके केंद्र पर 17,3869 कॉपियां जांची जाएगी। अब तक करीब 77 हजार कॉपियां आ चुकी हैं। मूल्यांकन के लिए 133 डिप्टी हेड एवं 1352 परीक्षक लगाए गए हैं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रागिनी श्रीवास्तव ने बताया कि करीब दो लाख 55 हजार कॉपियों को जांचने के लिए 102 डिप्टी हेड एवं 1071 परीक्षक लगे हैं। बताया कि मूल्यांकन की तैयारी पूरी कर ली गई है। मूल्यांकन केंद्रों पर सूक्ष्म निगरानी रखने के लिए जिला स्तर पर पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। नंदगंज के शहीद स्मारक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 1.67 लाख उत्तर पुस्तिकाएं 58 उपप्रधान परीक्षक एवं 573 सहायक परीक्षक जांचेंगे। उप नियंत्रक उदयराज ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन केंद्र पर आनी शुरू हो गईं हैं। कॉलेज में शनिवार की सुबह 10 बजे से उप प्रधान परीक्षकों एवं सहायक परीक्षकों को मूल्यांकन संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। मूल्यांकन कार्य में लगे परीक्षकों का मोबाइल फोन जमा करा लिया जाएगा। परीक्षकों की सूची चस्पा की जा चुकी है। मूल्यांकन के संबंध में बोर्ड द्वारा उप नियंत्रक, उप प्रधान परीक्षक और परीक्षकों की जानकारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भेजे जा चुके हैं।