अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम एके सिंह ने बुधवार को जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। जिसमें आरोप लगाया है कि सहायक कार्यालय निर्भय नारायण सिंह विद्युत वितरण खंड द्वितीय के कहने पर बीते आठ जून को मेरे दफ्तर में कुछ अराजक तत्व आकर गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में शहर कोतवाली में मेरे द्वारा आठ जून को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने मांग की कि दबंग कर्मचारियों का स्थानांतरण जनपद के बाहर किया जाए।
एक्सईएन ने बताया कि आरोपियों के विरुद्घ विभागीय जांच चल रही है। ऐसे में आरोपी जांच में बयान बदलने का दबाव बना रहा था। मेरे द्वारा इससे इंकार करने पर तथा जांच में सहयोग करने के कारण आरोपी कुछ कर्मचारियों को लेकर 16 जून से मेरे स्थानांतरण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। धरना के दौरान विभगीय कार्यालय बंद करा दिया गया है, जिससे राजस्व वसूली प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी को यह भी बताया कि आरोपी कर्मचारी अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है। वह कई कर्मचारियों से पूर्व में भी मारपीट कर चुका है। ऐसे दबंग कर्मचारियों का स्थानांतरण जनपद से बाहर किया जाए, जिससे भयमुक्त होकर कार्य कर सकें ।