गाजीपुर। नगर का विकास उत्तम रूप से व्यवस्थित तरीके से हो सके। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन की ओर से खाका तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीएम सदर प्रखर उत्तम और नगर पालिका ईओ अमिता वरुण की ओर से नगर का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से तय किया गया कि ओवरब्रिज के नीचे चिकन व मटन समेत सभी मांसाहारी चीजें बिकेंगी। साथ ही सड़क व फुटपाथ पर सामान रखकर बेचने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। खुद से सामान नहीं हटाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
नगर पालिका प्रशासन की कवायद तेजी से चल रही है, आने वाले दिनों में शहर की एक सुंदर तस्वीर सबके सामने आएगी। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर में वेंडिग जोन व फूड स्ट्रीट हब बनाने के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। नगर के महुआबाग-अफीम फैक्ट्री रोड पर वेंडिंग जोन व स्ट्रीट हब बनाया जाएगा।
इसके लिए नगर पालिका की ओर से सुव्यवस्थित तरीके से स्थान चयनित करके रेहड़ी, ठेला व फुटपाथ विक्रेताओं को आवंटित किया जाएगा। वहीं यह भी निर्णय लिया गया है कि शहर में अब विभिन्न स्थानों पर मांसाहार की बिक्री नहीं होगी। ऐसे दुकानदारों के लिए एक स्थान पर सुव्यवस्थित तरीके बिक्री करने की सुविधा दी जाएगी।
इसके लिए टैक्सी स्टैंड ओवरब्रिज के नीचे जमीन चिन्हित की गई है। साथ ही नगर के मिश्रबाजार, महुआबाग, आदि स्थानों पर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को एसडीएम और ईओ की ओर से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।