भांवरकोल। मुहम्मदाबाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार विपिन कुमार चौरसिया के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम शुक्रवार को पलिया गांव पहुंची। जहां सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इसके साथ ही रेवसड़ा गांव में जमीन की पैमाइश कर चिह्नित कराया गया। पलिया निवासी धनंजय राय सहित अन्य ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। उधर, रेवसड़ा में अवथहीं निवासी जितेंद्र राय और रेवसड़ा निवासी सुनीता मिश्रा, अजय मिश्र एवं अच्छे लाल चौधरी उर्फ भोला के बीच लंबे समय से भूमि बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
पूर्व में जितेंद्र राय द्वारा पक्की पैमाइश कर सीमांकन कराया गया था, लेकिन सीमांकन के दौरान गाड़ा गया पत्थर बाद में उखाड़ दिया गया। इसी क्रम में नायब तहसीलदार विपिन कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पहुंची राजस्व एवं पुलिस टीम पुनः पैमाइश और चिन्हांकन कराया। इस मौके पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय, राजस्व निरीक्षक मंगला प्रसाद, लेखपाल प्राची द्विवेदी, राहुल कुमार, सुभाष यादव आदि मौजूद रहे।