मुहम्मदाबाद नगर पालिका क्षेत्र को अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए मंगलवार को हाटा रोड से वकीलबाड़ी तक कार्रवाई की गई। बुलडोजर की गड़गड़ाहट से अतिक्रमणकारियों के चेहरे पर खौफ दिखाई दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारियों में पिछले कई दिनों से चल रही वार्ता में अतिक्रमण हटाने को कहा गया। पहले 20 मई तक का समय दिया गया था, लेकिन अतिक्रमणकर्ताओं ने इसे हर बार की तरह खानापूर्ति मानकर अतिक्रमण को नहीं हटाया। अतिक्रमण के चलते पूरे दिन जाम के झाम से लोग परेशान थे। इस बार प्रशासन ने जेसीबी लगाकर नगर के वकील बाड़ी मुहल्ले से लेकर दीवानी न्यायालय, ट्रामा सेंटर, महिला हॉस्पिटल, पशु चिकित्सालय गेट, तहसील तिराहा, हाटा रोड होते हुए केसरी मोड़ तक सड़क के दोनों तरफ पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। अतिक्रमण हटाने की मुहिम सुबह 10 बजे से लेकर शाम तीन बजे तक चली। कई वर्ष बाद नगर में इस प्रकार की अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम प्रशासन के द्वारा चलाई गई। पुलिस प्रशासन के द्वारा अतिक्रमणकारियों को कुछ दिनों पहले स्वयं ही अपने द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटा लेने की चेतावनी दी गई थी। उनके द्वारा प्रशासन के इस चेतावनी की अनदेखी करना काफी महंगा पड़ा। एसडीएम आशुतोष कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगले दिन सदर रोड यूसुफपुर बाजार में सड़कों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को बलपूर्वक जेसीबी की मदद हटाया जाएगा। अतिक्रमण हटवाने में नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र कुमार राव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्रा, शाहनिंदा चौकी इंचार्ज केपी सिंह, नायब तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव के अलावा काफी संख्या में नपा कर्मी मौजूद रहे।
सड़क से नहीं हटा अतिक्रमण तो होगी कार्यवाई
कासिमाबाद। हर हाल में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए जाएंगे। जो व्यवसायी ऐसा नहीं करेगा उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उक्त बातें उप जिलाधिकारी कमलेश कुमार सिंह मंगलवार को तहसील क्षेत्र के कस्बों, बाजारों का निरीक्षण करने के बाद कासिमाबाद चौक पर निरीक्षण के दौरान पुलिस को निर्देशित करते हुए कहा।
उप जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप तहसील क्षेत्र के चट्टी, चौराहा के साथ कस्बे पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त हो जाना चाहिए। किसी भी दुकान के सामने कोई गाड़ी खड़ी नहीं होनी चाहिए। किसी भी दुकान का सामान बाहर निकला नहीं होना चाहिए। इस बात का विशेष ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि कस्बे में खड़ी बसें, थ्री व्हीलर, फोर व्हीलर किसी भी सूरत में कस्बे से नहीं खड़ी होनी चाहिए। बसें बाहर खड़ी होंगी। उनका स्टैंड अंदर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन के साथ विशेषकर मुख्यमंत्री का निर्देश है कि कस्बे, बाजार साफ-सुथरे दिखाई दें। जाम की वजह से कोई दुर्घटना न हो तथा आने जाने में किसी को दिक्कत न हो। इस बात का विशेष ध्यान देना है। उन्होंने थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव को निर्देशित किया कि मानक के अनुसार सड़क से अतिक्रमण हटा दिया जाए। जो नहीं हटाया है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करिए। निरीक्षण के समय भारी पुलिस बल भी मौजूद था।