सेवराई/गाजीपुर। तहसील सभागार कक्ष में शनिवार को मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। सीडीओ संतोष कुमार वैश्य की मौजूदगी में 49 प्रार्थना-पत्र आए। मौके पर 4 का निस्तारण किया गया। जिले की सातों तहसीलों में कुल 345 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। मौके पर 25 का निस्तारण किया गया। मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ के समक्ष गुहार लगाते हुए सेवराई गांव के सीतर्जन सिंह कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने बिजली कनेक्शन कटवा दिया है। इसके बावजूद बिल भेजा जा रहा है। गहमर गांव निवासी प्रमिला देवी ने कहा कि मकान पर एक मनबढ़ ने कब्जा कर लिया है। खाली करने की बात पर वह मारने-पीटने की धमकी देता है। उसिया गांव के मेहराब खान ने कहा कि धान क्रय केंद्र बनाने की मांग की गई थी, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई पहल नहीं की गई। इससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने सेवराई के लेखपाल जनक यादव पर हुए हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं सीडीओ ने प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का मौके पर तुरंत जाकर निस्तारण करने का निर्देश दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का तीन दिनों में निस्तारण का भी निर्देश दिया। इस मौके पर परियोजना निदेशक राजेश यादव आदि मौजूद रहे।