फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़कों के बीच बिजली के खंभे, बेहतर होगा आप खुद संभलें

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजीपुर। नगर के प्रमुख सड़कों के बीचो-बीच लगे बिजली के खंभे आवागमन में रोड़ा बनने के साथ ही साथ हादसों का भी सबब बने हुए हैं। स्टेशन रोड, विशेश्वरगंज, सकलेनाबाद, टैक्सी स्टैंड, कचहरी मार्ग पर खड़े यह पोल मानो हादसों को दावत देने के लिए रखे गए हैं। यहीं नहीं आए दिन इन खंभों से वाहनों के टकराने के कारण कई-कई दिनों तक संबंधित इलाकों में विद्युत आपूर्ति तो बाधित रहती ही है, वहीं तारों के शार्ट- सर्किट होने से आग लगने का भी खतरा मंडराता रहता है। बावजूद विद्युत विभाग सिर्फ योजनाओं में बजट आने और जल्द खंभों को हटाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेता है।
विज्ञापन

मालगोदाम से सिटी स्टेशन जाने वाली सड़क पर कई जगहों पर ऐसे बिजली के खंभे लगे हैं, जिससे थोड़ी सी भी असावधानी घातक बन सकती है। जरूर आप भी आए दिन इससे दो चार होते होंगे। इतना ही नहीं वाहन के टक्कर से झुके पोल के चलते तार सड़क से कुछ ही फीट पर हैं। ऐसे में हादसे की आशंका हमेशा मंडराती रहती है। विशेश्वरगंज से सकलेनाबाद और सकलेनाबाद से लंका तक जाने वाली सड़क के किनारे और बीचो- बीच बेतरतीब तरीके से खंभे लगे हैं। जबकि यह प्रमुख मार्ग होने के कारण बड़े वाहनों का आवागमन हैं। ऐसे में अक्सर ही बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होते हैं और लोगों को बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं इन खंभों पर लगे विद्युत तार से वाहन के स्पर्श होने से आग लगने की खतरा मंडराता रहता है। वहीं विशेश्वरगंज से ओवरब्रिज के बगल से होते हुए टैक्सी स्टैंड को जाने वाले मार्ग पर तो बीचो- बीच खंभा लगा है, जिससे वाहनों के आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वही कचहरी मार्ग स्थित सरजू पांडेय पार्क के पास भी विद्युत खंभा सड़क के बीचो-बीच है, जिससे थोड़ी भी लापरवाही छोटे एवं बड़े वाहन चालकों के लिए खतरा बनी रहती है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि इन विद्युत खंभों को हटाने के लिए कई बार लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में राहगीरों एवं नगर क्षेत्र के लोग मंडरा रहे खतरे के बीच ही आवागमन करना पड़ता है। इस संबंध में नगर एसडीओ शिवम राय ने बताया कि कई जगहों पर तो सड़क चौड़ी होने से पोल बीचो-बीच आ गए और कई जगहों पर सड़क के किनारे नाली होने से पोल सड़क की पटरियों पर है, जिसे हटाना संभव नहीं है। जिन खंभों को चिन्हित किया गया है, उसे हटाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। शासन की ओर से मुहर लगने के आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें