गंगौली। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के चौराहे पर बुधवार देर शाम ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किसान नेता ललन सिंह यादव ने जानकारी दी कि इमामुदिनपुर गांव निवासी मुसाफिर राजभर (60) देर शाम कासिमाबाद बाजार गए थे। साइकिल से घर लौट रहे थे कि ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें उपचार के लिए कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने वृद्ध को मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की तीन पुत्री और एक पुत्र हैं, जिसमें दो पुत्री की शादी हो चुकी है। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।