गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हमीद सेतु से रविवार को एक अधेड़ ने गंगा में छलांग लगा दी। वहां मछली मार रहे मछुआरे उसे बचाने के लिए जब-तक पहुंचते वह डूब चुका था। कड़ी मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुभाषनगर कॉलोनी निवासी मोतीलाल रावत (40) किसी बात को लेकर नाराज था। इधर-उधर देखने के बाद हमीद सेतु से गंगा में छलांग लगा दी। उसके कूदते ही गंगा में मछली मार रहे मछुआरों की नजर उस पर पड़ गई। वह तेजी से नाव लेकर युवक की तरफ बढ़े, लेकिन तब तक वह गंगा में समा गया। खोजबीन करते हुए मछुआरों ने शव को बरामद कर बाहर निकाला। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।