मुहम्मदाबाद रामलीला मैदान में पसरा गंदा पानी-संवाद
मुहम्मदाबाद। रामलीला मैदान में जलजमाव से इस वर्ष रामलीला मंचन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। दशहरा और महावीरी झंडा जुलूस को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार से मैदान का पानी निकालने की कवायद शुरू कर दी है। डीजल चलित मोटर पंपों के जरिये पानी बाहर निकाला जा रहा है।
करीब पांच वर्ष पहले यूसुफपुर और मुहम्मदाबाद कस्बे की जल निकासी के लिए मंगई नदी हाटा से अग्रसेन तिराहे तक ड्रेन और ह्यूम पाइप लगाए गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार व्यवस्था प्रभावी नहीं हो सकी। करीब दो महीने पहले पाइप लाइन को स्टेट बैंक और अग्रसेन तिराहे के पास इंटरकनेक्ट कर बीआरसी मोड़ के नाले से जोड़ा गया, लेकिन पानी निकलने के बजाय वापस आने लगा। रामलीला समिति के सदस्यों रामबहादुर तिवारी, मुरलीधर पाठक, सौदागर पांडेय और संजीत यादव ने कहा कि निकासी की व्यवस्था पहले हो जाती तो मैदान में जलभराव नहीं होता। बारिश जारी रही तो मंचन कराना मुश्किल होगा। नगर पालिकाध्यक्ष रईस अहमद ने बताया कि जलभराव दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द समाधान की उम्मीद है।