गाजीपुर जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में सुरक्षा में तैनात ईगल कीपर वाहन के चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन गश्ती दल ने पीछा कर उसे ट्रेलर समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब दो बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 310 पर बुधनपुर गांव के सामने सुरक्षा में तैनात ईगल कीपर वाहन गश्त कर रहा था। इसी दौरान वाहन टर्न ले रहा था कि पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ईगल कीपर वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी गजानंद सिंह यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। गश्ती दल ने पीछा कर ट्रेलर और उसके चालक को पकड़ लिया तथा कासिमाबाद पुलिस को सौंप दिया।
मृतक की पहचान मरदह थाना क्षेत्र के केलही गांव निवासी पवन कुशवाहा (35) पुत्र विंध्याचल कुशवाहा के रूप में हुई है। वह ईगल कीपर वाहन का चालक था।
पुलिस बोली
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।