गाजीपुर। जिला पंचायत के सभागार में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलास्तरीय पदाधिकारियों का चुनाव शुक्रवार को हुआ। गहमागहमी के बीच हुए चुनाव में दुर्गेश श्रीवास्तव अध्यक्ष पद पर चौथी बार निर्विरोध चुने गए।
जिला पंचायत के सभागार में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अधिवेशन का शुभारंभ एसपी डा. ईरज राजा और सीडीओ संतोष कुमार वैश्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश रावत और महामंत्री अतुल मिश्रा ने कर्मचारियों की सहमति पर दुर्गेश श्रीवास्तव का अध्यक्ष पद पर चुनाव किया। मंत्री पद पर ओंकारनाथ पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह एवं सम्प्रेक्षक के रूप में राकेश पांडेय का चुनाव किया गया। इसके साथ ही संघर्ष समिति के चेयरमैन पद पर विवेक सिंह, वाइस चेयरमैन रामनगीना यादव एवं जयप्रकाश बिंद को वाइस चेयरमैन बनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी और विशिष्ट अतिथि सीडीओ ने चयनित प्रतिनिधियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर नव नियुक्त जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह मेरी नहीं कर्मचारियों की सहमति की जीत है। कर्मचारियों के हित में जो भी लड़ाई होगी, वह लड़ी जाएगी। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन से लेकर अन्य मांगों को पूरा कराने के लिए जरूरत पर पड़ने पर आंदोलन को धार दी जाएगी। इस मौके पर अरविंद सिंह, आलोक राय, रोशन लाल, देवेंद्र मौर्य, अजीत, अखिलेश सिंह, गिरिजाशंकर कुशवाहा, रामअवतार, बबुआ यादव, राकेश कुमार पांडेय, अभय सिंह, मनोज यादव, विनोद कुमार, संजीव कुमार, विवेक गुप्ता, राजेश शर्मा, अमित कुमार, उमेश दुबे, अखिलेश सिंह आदि उपस्थित थे।