पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर धरवार कला गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह डंपर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोग घायलों को सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। सभी महाकुंभ स्नान के बाद घर वापस लौट रहे थे।
बिहार के गोपालगंज के बोधा छापर गांव निवासी हृदय सिंह परिवार के चार सदस्यों के साथ प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने के लिए गए थे। महाशिवरात्रि पर स्नान करने के बाद बुधवार की शाम छह बजे वे गोपालगंज जा रहे थे।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास धरवार कला गांव के सामने डंपर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में बोधा छापर गांव निवासी हृदय सिंह, बबीता देवी, गीता देवी, मनोज सिंह, धर्मावती देवी घायल हो गईं। हादसे के बाद माैके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने सभी की स्थिति गंभीर देख मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
हृदय सिंह, बबीता देवी और धर्मावती देवी की स्थिति गंभीर है। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल वाहन को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।