छपरा से मंडुआडीह के बीच चलने वाली डीएमयू सवारी गाड़ी का शुभारंभ सोमवार को होगा। समारोहपूर्वक आयोजित होने वाले इस उद्घाटन कार्यक्रम के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक अजय विजय वर्गीय का यहां आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर निरीक्षण कर तैयारियों के बाबत मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए।
केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा सोमवार को छपरा से मंडुआडीह के लिए चलने वाली 75101 और 75102 डाउन सवारी गाड़ी का वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शुभारंभ करेंगे। इस उद्घाटन कार्यक्रम के लिए सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के मुख्य द्वार के पास मंच का निर्माण कराया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के लिए पिछले कई दिनों से की जा रही तैयारी का जायजा लेने शनिवार को दिन में करीब दो बजे मंडल रेल प्रबंधक अजय विजय वर्गीय रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों के संबंध में जानकारी हासिल करते हुए आम जन के बैठने और वाहनों की पार्किगिं आदि के संबंध में पूछताछ की।
इस दौरान स्थानीय रेल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। अपने आगमन पर उन्होंने फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण कर प्लेटफार्म के विस्तारीकरण के संबंध में अधिकारियों से पूछताछ की।
वीडियो कांफ्रेंसिंग से होने वाले शुभारंभ के लिए तकनीकी इंजीनियरों ने कनेक्टिविटी की जांच की। डीआरएम के आगमन पर जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार, सीनियर डीईएन राहुल श्रीवास्तव, सीनियर डीएसटी मानवेंद्र सिंह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर विभाष विक्रम सिंह, एईएन वीके पाठक के अलावा स्थानीय रेल अधिकारियों स्टेशन अधीक्षक रामायण सिंह यादव, वरिष्ठ यातायात निरीक्षक डा. संजयप्रताप सिंह तथा टेलीकाम अभियंता केके मिश्र आदि उपस्थित थे।