पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के रेल प्रबंधक एनके झा ने मंगलवार को जमानिया, दिलदारनगर एवं ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर गंदगी और यात्री सुविधाओं की बदहाली देख उनकी त्योरी चढ़ गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शीघ्र सुधार करने का निर्देश दिया।
दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार, अपने विशेष सैलून से पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के रेल प्रबंधक एनके झा की स्थानीय स्टेशन पर गंदगी देख भौंहें तन गई। उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने बताया की स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या- 2 एवं 3 का सुंदरीकरण, वीआईपी रूम सहित अन्य यात्री सुविधाओं को बढ़ाया जायेगा। नगसर हाल्ट पर भी सुविधाओं को बढ़ाया जायेगा।
उनके निरीक्षण कर जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जमानिया संवाददाता के अनुसार, मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म एवं ट्रैक के पास गंदगी, शौचालय में पानी भरा देख तथा वाटर कूलर से लगातार पानी गिरने पर गहरी नाराजगी जताई।
प्रबंधक से कहा कि अगर उनके आने की खबर पर स्टेशन का यह हाल है तो सामान्य दिनों में व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने बुकिंग रूम, मैप आदि को देखा। स्टेशन पर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने का संबंधित को निर्देश दिया।
सुहवल संवाददाता के अनुसार, डीआरएम एनके झा वरीय सुरक्षा आयुक्त एम सुरेश आज दिन में ताड़ीघाट स्टेशन पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने परिसर, टिकट बुकिंग कक्ष, रेलवे लाईन आदि का बारीकी के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय पानी, यात्री हाल, विद्युत व्यवस्था, अभिलेखों, यात्रियों के बैठने वाली सीट आदि बदइंतजामी को लेकर विभागीय अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
चेतावनी दी कि अगर समय रहते सभी कार्यों को पूरा नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय है। रेलवे लाइनों के निरीक्षण के साथ ही किनारे बन्धे को देखने बाद उसे पत्थरों से स्वेलिंग करने का निर्देश दिया।
टिकट बुकिंग कक्ष के निरीक्षण में अभिलेखों में कई तरह की खामियां मिलने पर उन्होंने जमकर फटकार लगाई। वाणिज्य निरीक्षक ज्ञान प्रकाश को रेलवे की आय बढ़ाने के लिए स्टाल के टेंडर, वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था को बहाल करने एवं यात्रियों के टिकटों की चेकिंग करने का निर्देश दिया।
ताडीघाट रेलवे स्टेशन पर पहुंचे डीआरएम का स्टेशन अधीक्षक सुजित कुमार ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। निरीक्षण के वक्त उनके साथ दानापुर मंडल के आरपीएफ के सुरक्षा आयुक्त एम सुरेश, सीनियर डीओएम विनीत कुमार, सीनियर डीसीएम अमित कुमार प्रभाकर, आरपीएफ इंस्पेक्टर राम औतार प्रसाद आदि विभागीय अधिकारी मौजूद रहे ।