पूर्व मध्य रेलवे दानापुर के डीआरएम प्रभात कुमारशुक्रवार को विशेष सैलून से दानापुर और दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय और पेयजल बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में गंदगी देख भड़क उठे और व्यवस्था का दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद अधिकारियों से निर्माणाधीन रेल-सह-रोड ब्रिज के बारे में जानकारी ली। साथ ही रेलवे लाइन का निरीक्षण करते हुए स्टेशन अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
डीआरएम ने वहां अभिलेखों को देखने के साथ ब्रांच लाइन पर चलने वाली मेमू और राजस्व आमदनी के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि प्रतिदिन महज तीन से चार हजार रुपये की आय होती है। जबकि इससे कहीं ज्यादा यात्री प्रतिदिन मेमू में सफर करते हैं। इस पर उन्होंने आरपीएफ वाणिज्य विभाग को निर्देशित किया कि समय- समय पर टिकट चेकिंग करने के साथ ही बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का सख्त हिदायत दिया, जिससे रेलवे को राजस्व के रूप में बेहतर आय हो सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दानापुर मंडल के तहत आने वाली निर्माणाधीन ताड़ीघाट- मऊ रेल परियोजना की भी जानकारी ली। इसके बाद वह विशेष सैलून से वापस दिलदारनगर जाते समय सोनवल क्रासिंग के पास कुछ देर के लिए रूके और निरीक्षण कर सैलून से वापस दिलदारनगर होते हुए दानापुर के लिए रवाना हो गए। इधर उनके आने की जानकारी होते ही दिलदारनगर और ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और साफ- सफाई व्यवस्था को लेकर अफरातफरी मची रही। उनके जाने के बाद कर्मियों ने सकुन महसूस किया। इस दौरान ताड़ीघाट स्टेशन अधीक्षक सुजित कुमार, आरपीएफ दानापुर के सिनियर कमांडेट संतोष कुमार राठौर, दिलदारनगर स्टेशन अधीक्षक नफीस अहमद, ताड़ीघाट स्टेशन अधीक्षक सुजित कुमार, दिलदारनगर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बालगंगाधर, आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, सिनियर डीईएन स्वाती, सिनियर डीओएम इम्तियाज आलम, सिनियर डीएसओ आशीष कुमार आर्या, सिनियर डीसीएम सरस्वती चंद्र आदि मौजूद रहे।