सिटी रेलवे स्टेशन पर महिलाओं को मिशन शक्ति का पंपलेट बांटकर जागरूक करतीं महिला पुलिसकर्मी। संव
गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति के तहत शनिवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसके अलावा पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। वहीं एंटी रोमियो टीम ने संदिग्ध युवकों की जांच कर शोहदों पर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को सक्रिय किया गया है। प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों से पूछताछ की गई और शोहदों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। एसपी ने कहा कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। संवाद