गाजीपुर। ईयर बड्स व ईयर लीड किशोरों व युवाओं की सुनने की क्षमता को लगातार कम कर रहा है। कान दर्द व कम सुनाई देने की शिकायत लेकर एक महीने में 450 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
सबसे बड़ी बात तो यह है कि 16 से 24 आयु वर्ग के अधिक पीड़ित हैं। ये सभी लगातार चार से छह घंटे तक ईयर बड्स व लीड का प्रयोग कर रहे हैं।
ईएनटी विभाग डॉ. आनंद प्रकाश यादव ने बताया कि करीब तीन-चार वर्ष से इस तरह की समस्या बढ़ी है। खासकर 16 वर्ष से 24 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों व युवाओं में यह शिकायत देखने को मिल रही है। स्थिति यह है कि प्रतिदिन 15 ऐसे मरीज ओपीडी में उपचार को पहुंच रहे हैं।
अगर देखा जाए तो प्रतिमाह ऐसे मरीज करीब 450 से पहुंच रहे हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि सामान्य श्रवण क्षमता से ऐसे मरीज की श्रवण क्षमता करीब 10 प्रतिशत कम हो जाती है। ऐसे मरीज कान में दर्द और कम सुनाई देने की शिकायत लेकर आते हैं।
ईयर बड्स व ईयर फोन प्रयोग की जानकारी लेने पर मरीज बताते हैं कि करीब चार से छह घंटे तक प्रयोग करते हैं। ऐसे मरीजों को ईयर बड्स व ईयर फोन कम प्रयोग करने की सलाह दी जाती है। उपचार के बाद यह समस्या धीरे-धीरे दूर हो जाती है।