क्षेत्र के रमवल गांव के पास जलनिगम की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त होने के पचीस दिन बाद भी मरम्मत नहीं कराई गई। इसके चलते क्षेत्र के मिर्जापुर एवं रमवल गांव के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों इसको लेकर संबंधित पंचायत जो पानी टंकी के संचालन का प्रभार देख रही है से शिकायत की गई। इसके अलावा जिम्मेदार अधिकारियों से भी इसकी शिकायत की गई लेकिन आज तक इसकी मरम्मत न होने से लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। यही नहीं पाइपलाइन फटने से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो चुका है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराकर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। इस संबंध में पानी टंकी के संचालन का प्रभार संभाल रही मेदिनीपुर की ग्राम प्रधान रीता देवी ने बताया कि बहुत जल्द क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करा आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।