घंटों हुई बारिश ने एक तरफ जहां गर्मी से बेहाल लोगों को राहत दी, वहीं कइयों की परेशानियों को बढ़ा दिया। बारिश के दौरान शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तीन कच्चे मकान सहित दीवार ढह गई। दीवार के मलबे में दबकर चार बकरियों की मौत हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के छावनी लाइन निवासी नंदलाल कुशवाहा का परिवार सोमवार की रात बारिश के दौरान मकान के दूसरे कमरा में सो रहा था। इसी बीच रात करीब आठ बजे बारिश के बीच दूसरा कच्चा कमरा पूरी तरह से धराशाई हो गया। यह संयोग ही था कि कमरा में कोई नहीं था। मलबा में दबकर गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। भांवरकोल संवाददाता के अनुसार तेज बारिश के दौरान मंगलवार को दोपहर महेश यादव की कच्ची दीवार पड़ोसी राजा यादव के आंगन में गिर पड़ी।
दीवार के मलबे में राजा यादव की चार बकरियां दब गई। जानकारी होते ही परिवार के लोग आनन-फानन में मलबे को हटाने में जुट गए। जब तक लोगों ने मलबा को हटाया, दबकर चार बकरियों की मौत हो गई।
भदौरा संवाददाता के अनुसार गहमर थाना क्षेत्र के सेवराई गांव के उत्तर मुहल्ला में सोमवार की देर रात बारिश के दौरान मुसा राजभर का कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। यह संयोग ही रहा कि मकान गिरने से पहले ही परिवार के लोग बाहर निकलकर झोपड़ी में चले गए। मलबा में दबकर घर-गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया।
जमानिया संवाददाता के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के करजही गांव में मदीना का खपरैल का कच्चा मकान बारिश के बीच गिर गया। मलबे में दबकर घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी होने पर राजस्व विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और पीड़िता से
जानकारी ली।