दुल्लहपुर। विकासखंड जखनिया अंतर्गत जलालाबाद गांव में आवास के लिए चयनित पात्र लाभार्थियों के खाते में आए धन की हकीकत जानने के लिए मंगलवार को ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त आयुक्त अरविंद चंद जैन गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गांव में बने गौशाला, मनरेगा, इंटरलॉकिंग, सामुदायिक शौचालय तथा आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास योजना के लाभार्थियों के घर-घर जाकर उनसे संवाद किया। उनके चूल्हा-चौके का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने गांव में बने सामुदायिक शौचालय तथा प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उनके साथ पहुंचे खंड विकास अधिकारी जखनिया संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे जिले में आवास लाभार्थियों के खाते में भेजे गए धन के बारे मेें पात्र तथा अपात्र की श्रेणी जानने के लिए संयुक्त आयुक्त श्री जैन जलालाबाद गांव का निरीक्षण करने पहुंचे थे। सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में आवासहीन परिवारों के आवास बनवाने के लिए पैैैैसा भेजा गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष गुप्ता ने बताया कि आयुक्त गांव में हुए विकास कार्य देखकर संतुष्ट दिखे। इस मौके पर एडीओ पंचायत फैज अहमद, ग्राम सचिव जेपी राम, प्रधानपति संतोष गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद