गाजीपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला पूर्ति विभाग, जिला खाद्य विपणन कार्यालय और जिला पिछड़ावर्ग कल्याण विभाग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद्यान्न, प्रवर्तन, आपूर्ति, अनुश्रवण कक्ष, अधिष्ठान, लेखा और राशन कार्ड अनुभाग समेत विभिन्न पटलों की जांच की। फाइलों का रखरखाव बेतरतीब मिलने पर नाराजगी जताते हुए अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
कर्मचारियों की सर्विस बुक, भविष्य निधि पासबुक, अर्जित व आकस्मिक अवकाश से संबंधित अभिलेखों की जांच में कई खामियां मिलीं। इस पर डीएम ने पूर्ति लिपिक रामा सिंह यादव और विपणन सहायक प्रहलाद चंद का वेतन रोकने व स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। वहीं पिछड़ावर्ग कल्याण विभाग के लिपिक अनुभव श्रीवास्तव से भी जवाब-तलब किया।
मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी अनंत सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद डीएम ने सदर विधानसभा क्षेत्र में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। बीएलओ को अर्हता आयु पूरा कर रहे युवाओं के फार्म-6 तथा संशोधन के लिए फार्म-8 भरवाने के निर्देश दिए। सुनवाई के लिए पहुंचे मतदाताओं से भी उन्होंने संवाद किया।