गाजीपुर। 21 अप्रैल 2025 को गाजीपुर के जिलाधिकारी बने अविनाश कुमार का स्थानांतरण हो गया है। हालांकि उनका स्थानांतरण अलीगढ़ में जिलाधिकारी के पद पर हुआ है,लेकिन जिले में वे एक साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए और एक वर्ष पूरा होने से एक दिन पहले ही 20 अप्रैल 2026 को प्रदेश सरकार ने गैर जनपद के लिए स्थानांतरित कर दिया। अविनाश कुमार ने आर्यका अखौरी का स्थान लिया था। गाजीपुर आने से पहले वे झांसी के जिलाधिकारी के रूप में तैनात थे।
प्रदेश सरकार ने जिलाधिकारी अविनाश कुमार का स्थानांतरण करते हुए उन्हें अलीगढ़ का जिलाधिकारी नियुक्त किया है, जबकि उनकी जगह अब जिले की कमान 2016 बैच के आईएएस व आंबेडकरनगर के डीएम रहे अनुपम शुक्ला संभालेंगे।
बिहार के पटना में 11 नवंबर 1986 को जन्मे अनुपम शुक्ला उत्तर प्रदेश कैडर के 2016 बैच के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं, जो आंबेडकरनगर के जिलाधिकारी के रूप में तैनात रहे। इसके पूर्व वे यूपीनेडा के निदेशक और ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव रहे हैं। उन्होंने जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी कार्य किया है।
अनुपम शुक्ला ने 22 अप्रैल 2024 को अंबेडकरनगर में कार्यभार संभाला था। उन्होंने लगभग दो वर्ष तक जिले में अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई विकास कार्य कराए गए। इन्होंने देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी से वानिकी में एमएससी की उपाधि प्राप्त की है। संवाद