गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के तहत ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्यों का नामांकन विभिन्न विकासखंडों एवं जिला पंचायत सदस्यों का नामांकन शनिवार को राइफल क्लब के सभागार में हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नामांकन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बिना मास्क के जो लोग मिले उनका चालान किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट-जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पवन कुमार मीणा, प्रशिक्षु पीसीएस प्रतिभा मिश्रा ने विकासखंड सदर, विकासखंड बिरनो, विकासखंड मनिहारी, विकासखंड जखनिया तथा जिला पंचायत सदस्य के लिए बनाए गए नामांकन स्थल राइफल क्लब का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के नामांकन के लिए आ रहे उम्मीदवार बिना मास्क के नामांकन स्थल पर नहीं जाएंगे। बिना मास्क के पाए जाते हैं तो 10 हजार का चालान काटा जाएगा। नामांकन से पहले बनाए गए कोविड-19 हेल्प डेस्क पर उम्मीदवारों द्वारा अपनी जांच कराने के बाद स्वस्थ होने की दशा में ही नामांकन स्थल के अंदर प्रवेश करेंगे। इसके साथ ही उन्हें शासन तथा चुनाव आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जनपदवासियों से भी मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से संबंधित कोई भी शिकायत हो या गैर प्रांत से आए मजदूरों, व्यक्तियों की सूचना कलेक्ट्रेट स्थित बनाए गए कोविड-19 कंट्रोल रूम जिसका दूरभाष नंबर 0548- 2226001 तथा 2226002 है पर सूचित कर सकते हैं।