वाराणसी मंडल के रेल प्रबंधक सतीश के कश्यप ने बुधवार को औड़िहार जंक्शन का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म संख्या- 3 एवं 2 के शेडों को दो जगह जोड़ने वाले लिंकशेड निर्माण के अधूरे कार्य को देखकर उनकी त्योरी चढ़ गई। निर्माण खंड के इंजीनियर से नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
वाराणसी से सलेमपुर जा रहे मंडल रेल प्रबंधक के. कश्यप ने पौन घंटे के निरीक्षण में सबसे प्लेटफार्म संख्या-2, 3 पर बन रहे यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंडल अभियंता राहुल श्रीवास्तव से प्रतीक्षालय के निर्माण, डिजाइन तथा प्रयुक्त सामग्रियों के बारे में जानकारी हासिल की। प्रतीक्षालय की दीवारों पर सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक
महत्व की पेंटिंग लगवाने को कहा। उन्होंने सीनियर सेक्शन इंजीनियर प्रदीप कुमार एवं सीनियर सेक्शन इंजीनियर (वाराणसी जोन) परवेज अख्तर से भी जानकारी ली। उन्होंने पूर्व में घोषित ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफार्म की साफ-सफाई पर स्टेशन अधीक्षक राजनारायण सेे संतोष जाहिर किया
लेकिन पेयजल के प्वाइंटों पर गिर रहे पानी पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक महीने में यात्री प्रतीक्षालय तैयार हालत में और दो महीने के अंदर स्टेशन के इस पार से उस पार के उपरिगामी सेतु पर निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐतिहासिक स्थल भितरी और धार्मिक स्थल मारकंडेय महादेव से लगा औड़िहार जंक्शन प्रमुख स्टशन है। यहां यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं के लिए विस्तृत योजना तैयार करें। उनके साथ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता आशुतोष पांडेय सहित कई अन्य अधिकारी थे।