जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला अस्पताल का आपरेशन थिएटर जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार को स्थानांतरित कर दिया गया। अब जिला अस्पताल के मरीजों का आपरेशन महिला अस्पताल के आपेशन थिएटर में किया जाएगा। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. एके मिश्रा ने बताया कि ओटी के कमरे की छत जर्जर होने से सीमेंट गिरने से आपरेशन बंद कर दिया गया था। विभाग के उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से ओटी का स्थानांतरण कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन थिएटर के जर्जर भवन और छत की मरम्मत का कार्य भी जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। एक सप्ताह के अंदर कमरे और छत की मरम्मत कराकर पुन: ओटी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मालूम हो कि 19 मई को जिला अस्पताल में स्थित आपरेशन थिएटर के कमरे के छत का प्लास्टर गिरने लगा था। संयोग ही था कि उस समय किसी मरीज का आपरेशन नहीं चल रहा था।
दो दिनों से आपरेशन थिएटर के बंद रहने से दुर्घटना में घायल हुए और अन्य मरीजों का आपरेशन पूरी तरह से बंद हो गया था। आपरेशन थिएटर का संचालन बंद हो जाने से मरीजों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार को वाराणसी मंडल के स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेश बाबूनंदन सिंह ने औचक निरीक्षण के दौरान ओटी को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था।