सेंट्रल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शनिवार को दीवानी परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश शमशाद अहमद ने शपथ ग्रहण कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को दूर करना उनकी जिम्मेदारी है। उनके स्तर के कार्य पूरे किए जाएंगे। अन्य उच्च न्यायालय के माध्यम से कराने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुहम्मदाबाद न्यायालय एवं यहां के अधिवक्ताओं का गौरवशाली इतिहास रहा है। न्यायालय परिसर की बगल की भूमि के लिए बात हो गई है। इसके लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये स्वीकृत है।
10 दिनों के अंदर इसकी रजिस्ट्री हो जाएगी। कहा कि प्रयास है कि शीघ्र ही यहां की सभी अदालतों में अधिकारी नियुक्त हो जाएं। यहां पेंडिंग वादों की संख्या को देखते हुए यहां एक सिविल जज सीडी एवं एडिशनल सीजेएम की अदालत भी खुले। पेयजल के लिए मार्च के महीने में आरओ लग जाएगा। हम नए पदाधिकारियों से उम्मीद करेंगे कि न्याय के ये दोनों पहिए आपस में सामंजस्य बनाकर एक आदर्श कायम करे।
इससे पहले हृदयनारायण श्रीवास्तव अध्यक्ष, प्रेमशंकर राय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संतोष राय एवं सीताराम राजभर कनिष्ठ उपाध्यक्ष, आलोक कुमार राय सचिव, जयप्रकाश यादव एवं संतोष सहसचिव तथा श्यामा पांडेय कोषाध्यक्ष ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इससे पहले मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती प्रतिमा के सामने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विशेष न्यायाधीश लालचंद पांडेय, सिविल जज (जूडी) जगरनाथ, तहसीलदार उमेशचंद निगम, चंद्रप्रकाश राय, नारायणदास अग्रवाल, कृष्णानंद राय, संतोष श्रीवास्तव, अरुण श्रीवास्तव, सुधीर राम, शिवदान तिवारी, एवाई अब्बासी आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष राजकिशोर अग्रवाल एवं संचालन ज्ञानचंद राय ने किया।