उसिया ग्रामसभा के मोती नगर में रविवार को ट्रांसफार्मर फटने और उसके खौलते तेल से चार लोगों के झुलसने की घटना में कार्रवाई जारी है। बर्खास्त किए गए आउट सोर्सिंग लाइनमैन को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि कथित ठेकेदार पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने उसकी खोजबीन करने की बात कही है।
मोती नगर में आइस फैक्ट्री के लिए अवैध तरीके से ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान ट्रांसफार्मर में हुए अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड जमानिया गोपीचंद की तहरीर पर पुलिस ने खजुरी निवासी संविदा कर्मी लाइनमैन मंटू और उसिया निवासी कठित ठेकेदार सद्दाम खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर के मुताबिक सरकारी ट्रांसफार्मर का खराब तरीके से परिवर्तन कर देने से ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट होने से चार लोग झुलस गए। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि मंटू कुशवाहा को खजुरी स्थित कर्मनाशा नदी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया है। जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। चर्चा है कि पुलिस की पकड़ से दूर सद्दाम को क्षेत्र के एक कद्दावर नेता का संरक्षण प्राप्त है। बताया जा रहा है कि ब्लास्ट होने वाला ट्रांसफार्मर उसी के पास से आया था।