सेवराई। तहसील क्षेत्र के गोड़सरा गांव में सफाई ना होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कई बार स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने से स्थिति भयावह हो चुकी है। गांव में सड़क से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर भी गंदगी की भरमार है। सफाई कर्मचारी लंबे-लंबे समय तक गांव में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। लोग खटालों की गंदगी से लेकर घरों से निकलने वाला कचरा तक सड़कों के किनारे डाल दे रहे हैं।
गोड़सरा में गंदगी की स्थिति कुछ ऐसी हो चुकी है कि गांव की गलियों में आवागमन तक प्रभावित होने लगा है। गांव निवासी औरंगजेब खां, अकबर खां, अली अहद खान आदि ने बताया कि गांव में नालियों की सफाई न होने से गंदगी से पटी हुई है। जल निकासी की समस्या के साथ संक्रामक बीमारियों के फैलने का अंदेशा बढ़ गया है। वही दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल हो चुका है। लोगों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।