गाजीपुर। जिले में संचालित एडेड माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक बृहस्पतिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में हुई। इसमें मानव संपदा पोर्टल पर विद्यालय स्टाफ की डाटा फीडिंग, जियो टैगिंग, छात्रवृत्ति भरवाने और शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन के संबंध में चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मानव संपदा पोर्टल पर डाटा फीडिंग में हो रहे विलंब पर जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय की त्योरी चढ़ गई। उन्होंने शुक्रवार तक इस कार्य को पूर्ण कर लेने की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि माध्यमिक के 2013 कर्मचारी पंजीकृत हैं जिसमें से सिर्फ 971 कर्मचारियों का सत्यापन अब तक हुआ है। अवशेष कर्मचारियों को कल तक अपना डाटा फीडिंग का कार्य हर हालत में पूर्ण करा लेने को कहा गया। उन्होंने कहा कि 1294 सर्विस बुक का सत्यापन हो चुका है और शेष पर कार्य चल रहा है। वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत कुल 156 विद्यालयों को जियो टैगिंग कराना था लेकिन अभी तक 67 विद्यालयों ने ही इस कार्य को पूर्ण कराया है जो काफी निराशाजनक है। उन्होंने इस कार्य को शनिवार तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की छात्रवृृृृत्ति भरवाने का कार्य 21 सितंबर तक पूर्ण कर लेना है। उन्होंने प्रधानाचार्यो को निर्देश दिया कि वे इस कार्य को पूरी सक्रियता के साथ पूर्ण करें। इसके अलावा उन्होंने प्रधानाचार्यो से माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर 15 सितंबर तक विद्यालय से संबंधित सभी विवरण और पूरे स्टाफ का डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रधानाचार्य उदयराज, गोपाल सिंह, मारकंडेय यादव, छविनाथ मिश्र, सीबी सिंह, पीएन सिंह आदि उपस्थित थे।