रेवतीपुर के बाढ़ प्रभावित गांव तिलवा में बाढ़ के पानी से घिरा पूर्व माध्यमिक विद्यालय।
करइल क्षेत्र में सोमवार को भी बाढ़ का पानी तेजी से घटाव पर रहा। बस्तियों एवं निचले क्षेत्रों में अभी भी पानी लगे होने के कारण लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। करइल क्षेत्र की दर्जनभर से अधिक सड़कों के कट जाने तथा उसमें पानी भरे होने के कारण आवागमन बहाल नहीं हो सका है।
शाहनिंदा-सेमरा मार्ग कई जगहों पर कटकर बह गया है। इससे सेमरावासी अभी भी गांव के बाहर न आ रहे हैं और न ही जा रहे हैं। अहिरौली तमलपुरा मार्ग, महादेवा-बच्छलकापुरा मार्ग, कबीरपुर-अवथहीं मार्ग, जोगा मुसाहिब-देवरिया मार्ग, मुर्की माढुपुर मार्ग, मुसरदेवा रेवसडा मार्ग, खैराबारी सीरीपुर मार्ग, बसनिया सीरीपुर आदि मार्ग कट जाने के कारण इन गांवों में आवागमन एवं राहत सामग्री लेकर जाने में कठिनाई हो रही है।
गंगा का पानी घटने के साथ ही पूरे बाढ़ प्रभावित एरिया में दुर्गंध फैली हुई है। इससे बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी के पुत्र द्वय सलमान अंसारी एवं मन्नू अंसारी ने बाढ़ प्रभावित गांवों में जाकर खाद्य सामग्री के पैकेट का वितरण करवाया।