गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राएं अब कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ बाहरी दुनिया को देखने और सीखने के लिए एक्सपोज़र विजिट (शैक्षिक भ्रमण) पर जाएंगे।
समेकित शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को कराई जाने वाली इस विजिट के लिए शासन ने धनराशि स्वीकृत की है। जिले में 2266 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब दो लाख बच्चे पंजीकृत हैं जिसमें 4686 बच्चे दिव्यांग शामिल हैं। प्रति वर्ष परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की सैर कराई जाती है।
किताबों और कक्षा की पढ़ाई के साथ अब दिव्यांग बच्चे बाहर की दुनिया भी देखेंगे और उससे सीखेंगे। इन बच्चों को जिले या आसपास के जिलों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर भ्रमण पर ले जाया जाएगा। 50-50 दिव्यांग बच्चों का बैच बनाकर उनको एक्सपोजर विजिट कराई जाएगी।
जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) अनुपम गुप्ता ने बताया कि बच्चों के चयन में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता का ध्यान रखा जाएगा और भ्रमण पर भेजने से पहले अभिभावकों की लिखित सहमति अनिवार्य होगी। बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्पेशल एजुकेटर्स की होगी।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों के लिए मौजूदा शिक्षण सत्र में एक्सपोजर विजिट कराने के निर्देश मिले हैं। इसके लिए शासन ने धनराशि भी स्वीकृत की है। संवाद