गाजीपुर। रेलवे प्रशासन की ओर से दीपावली व डाला छठ पर्व पर आनंद विहार टर्मिनल-छपरा आरक्षित द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी का संचालन किया जाएगा। तीन से 17 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार व मंगलवार को पांच फेरों में संचालन किया जाना सुनिश्चित है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 04058 आनंद विहार टर्मिनल-छपरा आरक्षित द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी आनंद विहार टर्मिनल से रात 12.20 बजे प्रस्थान कर अगले दिन औड़िहार से दोपहर 02.30 बजे, गाजीपुर सिटी से 03.45 बजे खुलकर आगे के लिए रवाना होगी। वापसी यात्रा में 04057 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल आरक्षित द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी छपरा से रात 10.10 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन फेफना से रात 12.15 बजे, गाजीपुर सिटी से 01.25 बजे, औड़िहार से 02.30 बजे खुलकर आगे के लिए रवाना होगी। गाड़ी में जनरेटर सह लगेज यान के 02, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 12, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 05 तथा वातानुकूलित प्रथम श्रेणी के 01 कोच सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।