रघुनाथपुर में रामलीला का मंचन करते कलाकार। संवाद
जमानिया। रघुनाथपुर गांव में चल रहे दस दिवसीय गंगाराम दास मानवता अभ्युदय महायज्ञ के आठवें दिन मंगलवार की शाम राम-भरत मिलाप का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और भरत के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
देर रात तक पूरा यज्ञ परिसर जय श्रीराम के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। योगीराज 108 सद्गुरु भगवान परमहंस संत गंगाराम दास महाराज द्वारा आयोजित महायज्ञ में आदर्श रामलीला समिति, रघुनाथपुर के कलाकारों ने मंचन किया। भरत का त्याग, भाई के प्रति असीम प्रेम और समर्पण देखकर दर्शक भावुक हो गए।
इस मौके पर अशोकानंद महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा और आदर्श भाईचारे का प्रतीक है। उनके आदर्शों को आचरण में उतारकर ही समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवता को मजबूत किया जा सकता है। कथा वाचिका आराधना ने कहा कि धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को संस्कार, संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ते हैं। रामकथा सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
इस दौरान आयोजक अध्यक्ष संत दयाराम दास महाराज, बलवंत, प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, किसान नेता झिल्लू यादव, भाकियू तहसील अध्यक्ष बबलू यादव, जयप्रकाश, संतोष, नंदलाल और रामशीष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।