औड़िहार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते पूर्वोत्तर रेलवे (गोरखपुर)के उप महाप्रबंधक अमित कुमार अग्
- फोटो : GHAZIPUR
सैदपुर। स्थानीय औड़िहार जंक्शन का शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे के उपमहाप्रबंधक अमित कुमार अग्रवाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डेमू शेड भी देखा। इसके बाद उन्होंने ट्रेन के इंजन पर सवार होकर औड़िहार जंक्शन से वाराणसी सिटी स्टेशन तक फुटप्लेट इंजन इंस्पेक्शन किया। जंक्शन सहित वाराणसी परिक्षेत्र में रेल निर्माण कार्यों की गति धीमी होने एवं पूर्व केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के प्रस्तावित कार्यों के गतिहीन होने पर नाराजगी जताई।
पूर्वोत्तर रेलवे के उप महाप्रबंधक अमित कुमार अग्रवाल सड़क मार्ग से करीब दो बजे औड़िहार के डेमू शेड के प्रशासनिक भवन पहुंचे। प्रशासनिक भवन में उन्होंने छत के ऊपर से निरीक्षण की औपचारिकता पूरी की। डेमू के तात्कालिक प्रभारी मुकेश कुमार से शेड के कार्यप्रणाली सहित उसके रखरखाव की जानकारी ली। इसके बाद औड़िहार जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक मनोज उपाध्याय से रेलवे के अन्य कार्यो की जानकारी ली। करीब साढ़े तीन बजे डेमू शेड से रोड मार्ग से जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर खड़े इंजन पर पहुंचने पर रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य दिवाकर सिंह यादव ने उप महाप्रबंधक से जंक्शन एवं सैदपुर भितरी स्टेशन के निर्माण कार्यो एवं यात्री सुविधाओं में शिथिलता की बात की। स्टेशन के प्लेटफार्म पर मौजूद दर्जनों यात्रियों ने यात्री सुविधाओं, जंक्शन पर शौचालय, टिकट खिड़की पर जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार मीणा अपने सहयोगियों के साथ लोगों को नियंत्रित कर उप महाप्रबंधक के इंजन को रवाना कराया। उनके साथ निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (वाराणसी) प्रवीण कुमार, वरिष्ठ मंडल रेल अभियंता (यांत्रिक) बीपी सिंह, मंडल अभियंता एके सिंह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर प्रदीप कुमार आदि उपस्थित थे।