थाना क्षेत्र के जलालाबाद में शनिवार की रात सेंध मारकर चोरों ने एक जनरल स्टोर की दूकान से 20 हजार नगदी सहित हजारों रुपये मूल्य का कीमती सामान चुरा ले गए। पीडि़त ने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी कन्हैया यादव की जलालाबाद में जनरल स्टोर की दूकान है। वह प्रतिदिन देर शाम दूकान बंद कर अंदर सो जाते थे। शनिवार को वह दूकान का सामान लेने के लिए वाराणसी गए हुए थे। देर रात चोर पीछे से सेंध मारकर दूकान में घुस गए। इसके बाद अंदर रखा 20 हजार नगदी सहित करीब 80 हजार रुपये का सामान उठा ले गए। सुबह दूकान आने पर कन्हैया को चोरी की जानकारी हुई।
मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गए। दूकान के शटर पर पत्थर के टुकड़ों के निशान थे और पास में दर्जनों पत्थर इधर-उधर बिखरे पड़े थे। इससे दूकानदार सहित अन्य लोग इस बात की आशंका व्यक्त कर रहे थे कि चोरों ने शटर पर पत्थर फेंककर इस बात की जानकारी किया कि दूकानदार अंदर सोया है कि नहीं और अंदर से कोई आवाज न आने पर चोर सेंध मारकर अंदर घुस गए होंगे।
पीडि़त ने बताया कि चोरी की तहरीर थाने में दी है, जबकि थानाध्यक्ष ग्यासुद्दीन का कहना है कि चोरी की कोई तहरीर नहीं मिली है। दूकानदारों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता की वजह से आएदिन क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हो रही हैं। एक तरफ जहां रात में गश्त करने के बजाय पुलिस आराम फरमा रही है, वहीं चोर आराम से अपना काम कर फरार हो जा रहे हैं।