गाजीपुर। बरेसर में दो और सेवराई में एक उर्वरक विक्रेता के यहां स्टाक रजिस्टर और गोदाम में खाद की उपलब्धता में अंतर पर विभाग द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने और दुकानें सीज करने के विरोध में बृहस्पतिवार को जिले के सभी खाद व बीज की दुकानें बंद रही।
इसके साथ ही बड़ी संख्या में पहुंचे खाद व बीज व्यापारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान रिटेलरों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रिटेलरों पर दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने की मांग कर सीआरओ को पत्रक सौंपा।
कृषि खाद बीज व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राकेश प्रधान ने बताया कि, जिले के छोटे खाद व बीज रिटेलरों को 266.50 रुपये यूरिया और 100 रुपये का जिंक दिया जाता है। इसके बाद भी विभाग की तरफ से कहा जा रहा है इसे कम दाम में बेचने को कहा जाता है।
जो संभव ही नहीं है। इसके बाद प्रशासन मनमाना ढंग से जिले के छोटे खाद रिटेलरों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
इसी को लेकर बरेसर में दो और सेवराई में एक खाद रिटेलर के खिलाफ विभाग द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद उनके दुकानों पर सीज बंदी की भी कार्रवाई की गई है।
विभाग सरासर अपनी मनमानी कर रहा है। इसके विरोध में जिले के सभी 1650 रिटेलर जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराने पहुंचे थे।
पर, उनके नहीं मिलने पर मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी को पत्रक सौंपकर उनकों अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया है। साथ ही प्रशासन से रिटेलरों पर दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने और सीज किये गये दुकानोें पर की गई से कार्रवाई को वापस लेने की मांग की गई है।
इस मौके पर रामब्रिज यादव, रमेश प्रजापति, विपिन सिंह, राकेश, गोविंद यादव आदि मौजूद रहे।