जमानिया। सरकारी जमीनों पर लंबे समय से बसे गरीब परिवारों को मालिकाना हक देने और उत्पीड़न से मुक्ति की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को वनवासी समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
भाकपा (माले) के नेतृत्व में रामलीला मैदान में करीब चार घंटे धरना देने के बाद पैदल मार्च निकाला और राष्ट्रपति को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार संतोष यादव को सौंपा। पार्टी के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने गरीबों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने की बात कही। ज्ञापन में मलसा निवासी रामअवध राम की खतौनी में कथित गलत नाम दुरुस्त करने और उनके खिलाफ दर्ज तीन मुकदमे निरस्त करने की मांग भी शामिल रही। प्रदर्शन में विजय वनवासी, बुच्चीलाल, श्यामप्यारी सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।