तिलवा गांव स्थित पैतृक आवास पर दीनबंधु यादव का शव आने के बाद रोते बिलखते परिजन व जुटे ग्रामीण।
रेवतीपुर। एक महीने पहले कर्नाटक गए युवक की औद्योगिक हादसे में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को जब युवक का शव गांव पहुंचा। बड़े भाई जयप्रकाश यादव ने बताया कि तिलवां गांव निवासी दीनबंधु यादव (26) कर्नाटक के नरसीपुरा स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करते थे।
उनके बड़े भाई जयप्रकाश यादव ने बताया कि दीनबंधु छह भाइयों में पांचवें नंबर थे और करीब एक महीने पहले छोटे भाई शैलेंद्र के साथ रोजगार की तलाश में कर्नाटक गए थे।
मंगलवार रात कंपनी में काम के दौरान अचानक भारी मशीन उनके ऊपर गिर गई। हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। छोटे भाई शैलेंद्र हवाई मार्ग से शव को वाराणसी लेकर पहुंचे, जहां से एंबुलेंस के जरिए शव पैतृक गांव तिलवां लाया गया। दीनबंधु का शव गांव पहुंचते ही पत्नी नेहा, मां हीरा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दीनबंधु की शादी करीब छह वर्ष पहले सोनाडी गांव निवासी नेहा से हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां आर्या व शिया हैं। रामपुर गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां भाई जयप्रकाश यादव ने मुखाग्नि दी। संवाद
तिलवा गांव स्थित पैतृक आवास पर दीनबंधु यादव का शव आने के बाद रोते बिलखते परिजन व जुटे ग्रामीण।