सादात। गलवान घाटी में चीनी सैनिकों की ओर से की गई कायरतापूर्ण कार्रवाई को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। लोगों ने बाजारों में बिक रही चीनी सामग्रियों और खिलौनों का बहिष्कार शुरू कर दिया है। जिन दुकानों पर चीनी सामग्रियां और खिलौने उपलब्ध हैं, उन दुकानदारों की बिक्री बंद हो गई है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी एसोसिएशन उप्र की जिला इकाई ने सोमवार को सादात में बैठक कर चीनी सामानों के बहिष्कार का निर्णय लिया। सेवानिवृत्त शिक्षकों ने भी चीन की बनी हर सामान की बिक्री पर पाबंदी लगाने की सरकार से मांग की है।
स्थानीय बाजार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी एसोसिएशन के सदस्यों की बैठक मिश्री पांडेय की अध्यक्षता में हुई। इसमें गलवान घाटी में चीनी सैनिकों की कायराना कार्रवाई पर रोष जताया गया। सदस्यों ने चीन के बने हर सामान की बिक्री पर रोक लगाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। इस मौके पर रामअवतार यादव, शशिकांत पांडेय, लालजी राय, बलिराम यादव, मुखराम यादव, सुबच्चन यादव, हरिद्वार दूबे, राधेश्याम सिंह, दशरथ पांडेय, लालचंद्र पांडेय और सर्वजीत यादव सहित कई सदस्य उपस्थित थे। उधर अवकाश प्राप्त शिक्षकों की बैठक में नंदलाल सिंह, हरदेव राम, राजेंद्र यादव, धन्नी राम, सुदर्शन यादव, डा. चौथी यादव, रामेश्वर यादव उपस्थित थे।