लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के दूबिहा मोड़ तिराहे स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ पर उचक्कों ने मदद के बहाने एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए।
घटना की जानकारी मोबाइल पर मैसेज आने के बाद पीड़ित को हुई। उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। भांवरकोल थाना क्षेत्र के कुंडेसर गांव निवासी राजकुमार पाल ने बताया कि वह मंगलवार को दूबिहा मोड़ स्थित एटीएम बूथ से रुपये निकालने पहुंचा था।
इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड नीचे गिर गया। पीछे खड़े दो-तीन युवकों ने मदद के नाम पर कार्ड उठाकर उन्हें वापस दे दिया। आरोप है कि इसी दौरान उचक्कों ने उनका असली कार्ड बदल दिया और किसी तरह उनका एटीएम पिन भी जान लिया।
पीड़ित के अनुसार, कुछ ही देर बाद मोबाइल पर खाते से एक लाख रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और पीड़ित को तहरीर देने के लिए थाने ले गई।
थानाध्यक्ष राजनारायण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।