रेवतीपुर। यूपी बोर्ड इंटर बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे छात्र पर शनिवार को दिनदहाड़े उतरौली गांव के पास नकाबपोश बदमशों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मृत समझकर हमलावर छात्र का झाड़ियों में फेंककर भागने लगे। घायल छात्र के शरीर के 20 जगहों पर गंभीर चोट हैं। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी लाया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि रेवतीपुर गांव निवासी प्रिंस जायसवाल दो अन्य छात्रों के साथ बाइक से इंटर बोर्ड के कला की परीक्षा देने नवली इंटर काॅलेज जा रहे थे। उतरौली गांव के पास अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने बाइक रोकवाकर छात्र को जबरदस्ती बाइक से उतार लिया। इसके बाद लाठी-डंडों, बेल्ट और नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। हमलावर उसे मृत समझकर हाईवे किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर पहुंचाया।
घायल छात्र के शरीर पर 20 से अधिक गहरी चोटें पाई गई हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया, दोनों से पूछताछ जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। दो हमलावरों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।