गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करेंट की जद में आने से दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजन रोते बिलखते रहे।
बिरनो : पांडेयपुर राधे गांव निवासी रामजीत राजभर का इकलौता पुत्र बेचू राजभर (18) मोबाइल चार्ज करने के लिए बिजली बोर्ड में प्लग लगा रहा था। इसी दौरान उसे करेंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन युवक को उपचार के लिए भड़सर स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंच गए। इधर युवक का शव आते ही परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, खानपुर के भुजहुआं गांव निवासी सुग्रीव राम (23) सुबह साढ़े नौ बजे वर्षा के कारण छत से टपक रहे पानी को देखने छत पर चढ़ा। इसी दौरान विद्युत तार की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। परिजनों के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।