गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के शहबाजकुली गंगा घाट पर 19 दिसंवर को गंगा में स्नान करते समय डूबी किशोरी का शव तीन दिन बाद मंगलवार को गौसपुर में उतराया मिला। पुत्री का शव देख माता पिता बेसुध हो गए।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के नगवा चौकिया निवासी प्रतिज्ञा उर्फ निधि (16) 17 दिसंबर को अपने माता-पिता एवं बहन प्रीति एवं हिना के साथ शहबाजकुली स्थित ननिहाल आई थी। 19 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे माता-पिता एवं बहनों के साथ स्नान करने गंगा घाट पहुंची थी। नहाते समय गहरे पानी में जाने से किशोरी डूब र्गई थी। जब-तक परिजनों की शोर सुनकर आस-पास मौजूद लोग घटना स्थल पर पहुंचते वह पानी में समा गई थी। आंखों के सामने पुत्री को पानी में समाता देख परिवार के सदस्य बिलखने लगे। इधर हादसे की सूचना मिलते ही नोनहरा पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और पूछताछ के बाद स्थानीय गोताखोरों और नाव के सहारे पानी में जाल डलवाकर किशोरी की तलाश शुरू करती रही लेकिन घंटों मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी थी। सुबह ग्रामीणों ने गौसपुर स्थित गंगा नदी में किशोरी का शव उतराया मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में नोनहरा थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।