मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर घाट से गंगा में छलांग लगाने वाले ठेकेदार का शव मंगलवार को स्थानीय गोताखोरों ने बरामद कर लिया। उधर घाट पर पहुंचते ही परिवार के सदस्य शव देखकर बिलखने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव निवासी ठेकेदार परमजीत यादव (38) लॉकडाउन के दौरान काम बंद होने पर घर आ गए थे। बीते कुछ दिनों से वह अपनी ससुराल कोतवाली क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में रहते थे। 20 जुलाई की देर शाम को वह अपने साले के पुत्र जितेंद्र के साथ गौसपुर चट्टी पर घूमने आए थे। रास्ते में ठेकेदार ने बाइक से गंगा में छलांग लगा दी। मृतक की फिरोजपुर में दूसरी शादी हुई थी। पहली पत्नी से तलाक हो गया था। उसकी एक छोटी बच्ची भी है। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने दिन में करीब साढ़े तीन बजे घटना स्थल से 500 मीटर दूर पूरब की तरफ शव बरामद कर लिया। कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।