औड़िहार। सैदपुर नगर क्षेत्र से चंदौली जिले को जोड़ने वाले रामकरन सेतु के पास गंगा नदी में शनिवार की सुबह एक य़ुवक का शव मिला। मृतक के परिवार के लोगों के मुताबिक वह शुक्रवार की रात में निमंत्रण में जाने की बात कहकर निकले थे।
सुबह बालू की रेत में खरबूजे की खेती करने के लिए गए मल्लाह गए थे। उन्होंने पानी में शव उतराया देखा। सूचना पर सैदपुर और बलुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र का होने के कारण वहां की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान सैदपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भटौला गांव निवासी कैलाश यादव( 32) के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे मृतक के परिवार के लोगों ने बताया कि कैलाश यादव की मानसिक हालत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी।
देर रात घर तक नहीं लौटा तो खोजबीन हुई लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। प्रभारी निरीक्षक सैदपुर योगेश सिंह ने बताया कि शव को बलुआ थाने की पुलिस ले गई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद वहीं आगे की कार्रवाई करेगी। संवाद