दुल्लहपुर। भुडकुड़ा कोतवाली अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव के पास ईंट लदा ट्रैक्टर ट्राॅली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो किशोर दब गए, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर ईंट भठ्ठे पर मजदूरी करते थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ईंट भट्ठा मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के एक भट्ठे से ईंट ट्रॉली में लादकर ट्रैक्टर जा रहा था। इब्राहिमपुर गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में ईंट पर बैठा नितेश बनवासी (15) पुत्र हीरा बनवासी निवासी वृंदावन थाना सादात और मोनू (13) घायल हो गए। शहर कोतवाल तारावती यादव मयफोर्स मौके पर पहुंचीं। मलबे में दबने से नितेश की मौत हो गई थी। उसके शव को बगल की दीवार काटकर बाहर निकलवाया गया। मोनू को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। ट्रैक्टर ट्रॉली और शव को कब्जे में लेकर पुलिस कार्रवाई में जुट गई। मृतक के पिता की तहरीर पर ईंट भट्ठे मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने कहा कि ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से किशोर की मौत हुई है। जबकि एक घायल है। तहरीर के आधार पर ईंट भट्ठा मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।