बिरनो। थाना क्षेत्र के हरबल्लमपुर (पांडेयपुर बिठौरा) निवासी एक युवक बीएसएफ भर्ती में बीते दिनों नोएडा गया था। वहां संदिग्धावस्था में उसकी मौत हो गई। गुरुवार की सुबह शव घर आते ही कोहराम मच गया। सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में नगर के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया।
इलाके के हरबल्लमपुर (पांडेयपुर बिठौरा) गांव निवासी रामकृत राजभर का पुत्र सूरज राजभर (21) बीते 29 जून को नोएडा बीएसएफ में ट्रेडमैन की भर्ती में शामिल होने के लिए गया था। इस भर्ती के लिए एक जून की सुबह दौड़ हुई थी, जिसमें सूरज ने निर्धारित समय में दौड़ पूरी कर ली। भर्ती स्थल से निकलने के बाद सूरज का मोबाइल बंद हो गया। परिवार के लोग बार-बार उसका मोबाइल मिलाते रहे, लेकिन बार-बार स्विच बंद होने का संकेत मिलता रहा। दो जुलाई को दिल्ली मुखर्जीनगर थाने से गांव के ही एक व्यक्ति के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उसे बताया गया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के पास एक युवक अचेत अवस्था में मिला है। उसके हाथ में पानी चढ़ाने वाला ड्रिप लगा हुआ है। उसके मोबाइल में आपका नंबर होने पर आपसे संपर्क किया गया है। उक्त व्यक्ति के मोबाइल में सूरज का नंबर और नाम था। उसने तत्काल इसकी जानकारी सूरज के परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने दिल्ली में रहने वाले सूरज के भाई को फोन से घटना की जानकारी और रात में ही कुछ ग्रामीणों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उधर, सूचना मिलते ही भाई ने संबंधित थाने पर पहुंचकर पता किया तो पता चला कि सूरज की मौत हो गई है। कागजी कार्रवाई के बाद भाई शव का पोस्टमार्टम कराया। दूसरे दिन परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। गुरुवार की सुबह एंबुलेंस से सूरज का शव घर लाया गया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के कई गांवों के लोगों की दरवाजे पर भीड़ लग गई। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में नगर के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मृतक सूरज फल की दुकान चलाकर पढ़ाई करता था। इस वर्ष बीएड में प्रवेश भी लिया था। वह काफी मिलनसार स्वभाव का था और हमेशा दूसरे की मदद के लिए तत्पर रहता है। उसकी मौत से जहां परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं स्थानीय गांव सहित कई गांव के लोग शोक में डूब गए।